देहरादून। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा पर देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को अब अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी। अब रात से लेकर सुबह तक वाहन नहीं चलेंगे। डीजीपी की ओर जारी एडवाइजरी में रात्रि 10 बजे से प्रात: चार बजे तक यात्री वाहनों का आवागमन पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। यातायात का अधिक दबाव होने पर यात्रा मार्ग के मुख्य-मुख्य पड़ावों (डामटा-बड़कोट-स्यानाचट्टी-दोबाटा-पालीगाड़-ब्रह्मखाल) पर वाहनों को रोका जा रहा है और एक निश्चित अंतराल पर छोड़ा जा रहा है।

श्रीगंगोत्री धाम यात्रा मार्ग पर वापसी के समय लेखला पुल से श्रीकेदारनाथ जाने वाले यातायात को लंबगांव और ऋषिकेश जाने वाले यातायात को बड़ेथी की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों की सुविधा, सहयोग व मार्गदर्शन के लिए विभिन्न माध्यम से एजवाइजरी जारी की जा रही है। पुलिस ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वहां पर अत्यधिक भीड़ होने के फलस्वरूप अपने सुविधानुसार स्थानों पर विश्राम करें। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु पंजीकरण अवश्य कराएं। पंजीकृत तिथियों पर ही यात्रा करें। यात्रा आरंभ करने से पूर्व अपना स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं और आवश्यक औषधि साथ रखें। गर्म कपड़े व रेन कोट साथ लेकर चलें। रात्रि 10 बजे से प्रात: चार बजे तक यात्री वाहनों का आवागमन पूर्णत: प्रतिबंधित है। नशीले पदार्थों का सेवन न करें। हेली टिकट फ्रॉड से बचें और अधिकृत साइट से ही हेली टिकट बुक कराएं। पुलिस सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करें। धामों की मयार्दा, पवित्रता एवं स्वच्छता बनाए रखें। यातायात नियमों का पालन करें। नशा का सेवन न करें।
मार्गों पर मौसम सामान्य, धामों में बारिश के आसार: चारों धामों में मौसम की स्थिति की बात करें तो हल्के बादल छाए हैं। कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। उत्तरकाशी जनपद स्थित श्रीयमुनोत्री धाम में बारिश होने की संभावना है। श्रीगंगोत्री धाम में भी बादल छाए हुए हैं। रुद्रप्रयाग जनपद स्थित श्रीकेदारनाथ धाम में हल्की बारिश हो रही है। बादल छाए हुए हैं। चमोली जनपद स्थित श्रीबद्रीनाथ धाम में बारिश होने की संभावना हैं।

चारधाम यात्रा में अब तक 11 यात्रियों की मौत : चारधाम यात्रा पर बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन यात्रियों को यात्रा के लिए जो तिथि निर्धारित की गई है, वो अगर रजिस्ट्रेशन तिथि से पहले यात्रा करता है तो संबंधित वाहनों का परमिट सस्पेंड कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा चारधाम यात्रा में मरने वाली की संख्या भी बढ़ रही है। अब तक कुल 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version