
रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के अचानक कोलकाता होते दिल्ली के लिए रवाना हो गए है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन और सीएम पद से हटाए जाने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेतृत्व से चंपाई सोरेन नाराज हैं। असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी के झारखंड चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा से चंपाई सोरेन और जेएमएम के कई नेता लगातार संपर्क में रहने की बात सामने आ रही थी। इन्हीं सब चर्चा के बीच चंपाई सोरेन के दिल्ली जाने की खबर को राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार चंपाई सोरेन सत्ताधारी जेएमएम के पांच से छह विधायकों का पार्टी नेताओं से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इन विधायकों में दहशरथ गगराई, चमरा लिंडा, रामदास सोरेन और समीर मोहंती का नाम शामिल है। जबकि पूर्व जेएमएम विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने पहले ही बीजेपी में शामिल होने का स्पष्ट संकेत दिया है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूचना के अनुसार सभी विधायक चंपाई सोरेन के साथ जमशेदपुर से होते हुए कोलकाता पहुंचे और वहां से वो सभी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि एयर इंडिया के फ्लाइट संख्या 0769 से वो सभी कोलकाता से दिल्ली गए हैं। ऐसी चर्चा है कि चंपाई सोरेन और जेएमएम के कई विधायक दिल्ली में बीजेपी नेताओं से मुलाकात करेंगे। दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात और बातचीत के बाद यदि सहमति बनी, तो चंपाई सोरेन और जेएमएम के कई विधायक बीजेपी में शामिल भी हो सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक चंपाई सोरेन कल रात कोलकाता के एक होटल में ठहरे थे, जहां उन्होंने बीजेपी नेता सुवेंद्र अधिकारी से मुलाकात की। इसके बाद रविवार सुबह कोलकाता से दिल्ली के रवाना हुए। जेएमएम के अन्य विधायकों के भी भी अलग-अलग रास्ते से दिल्ली पहुंचने की चर्चा हैं। बताया गया है कि चंपाई सोरेन शनिवार को रांची से जमशेदपुर के लिए रवाना हुए, लेकिन वो जमशेदपुर में बिना रुके कोलकाता के लिए रवाना हो गए और रात में कोलकाता में एक होटल में रुके।
राजनीतिक गलियारों में यह बात कई दिनों से आ रही थी कि जिस तरह से हेमंत सोरेन को दोबारा सीएम बनाने के लिए उन्हें मुख्यमंत्री पद से बेपरवाह तरीके से हटाया गया, उससे चंपई सोरेन नाखुश थे। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्हें सीएम पद पर नियुक्त किया था, ताकि हेमंत सोरेन की वापसी तक सीएम की सीट बनी रहे।
झामुमो नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा था कि चंपई सोरेन को जिस तरह से झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मुख्यमंत्री पद से हटाया था, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। दीपक प्रकाश ने कहा कि चंपई भाजपा में शामिल होंगे, मुझे इसकी जानकारी तो नहीं है। ऐसा कोई भी मामला भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व तय करता है।
