
रांची। झारखंड की राजनीति में उथल-पुथल मचा हुआ है। पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मेरी किसी से मुलाकात नहीं हुई है। निजी काम से मैं दिल्ली आया था। मैं यह समझ नहीं पा रहा हूं कि यह सब कौन कह रहा है। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या आप यहां भाजपा के नेता मिलना चाहते थे तो उन्होंने इस बात को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के किसी नेता से न मिलना चाहता था और न ही मेरी मुलाकात हुई। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे झामुमो से नाराजगी का कारण पूछा। उन्होंने कहा कि मैं इस बात को पहले बता दिया हूं। जब उनसे झामुमो के सिंबल से ही चुनाव लड़ने की बात पूछी गयी तो उन्होंने कहा कि मैंने इन सारी बातों की जानकारी पहले दे दी है। इतना कहकर वह आगे निकल गये। राजनीतिक गलियारों इस बात की चर्चा तेजी फैली है कि वह भाजपा ज्वॉइन करने वाले हैं। हालांकि, ये बात अब तक कयासों तक ही सीमित है। दूसरी तरफ उनके साथ जिन विधायकों के झामुमो छोड़ने की बात कही जा रही थी वे सभी इसे सिरे से खारिज कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि चंपाई सोरेन के 18 अगस्त के पोस्ट से झारखंड में सियासी भूचाल मचा हुआ है। चंपाई ने लिखा था कि तीन जुलाई को हुई विधायक दल की बैठक में कहा था कि आज से मेरे जीवन का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। मेरे पास तीन विकल्प थे। पहला, राजनीति से संन्यास लेना, दूसरा, अपना अलग संगठन खड़ा करना और तीसरा, इस राह में यदि कोई साथी मिले, तो उसके साथ आगे का सफर तय करना। उस दिन से लेकर आज तक तथा आगामी झारखंड विधानसभा चुनावों तक इस सफर में मेरे लिए सभी विकल्प खुले हुए हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को कोल्हान क्षेत्र से आने वाले चार विधायकों से मुलाकात की। उन्होंने उनसे ताजा राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा की। इन विधायकों ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि चंपई सोरेन के साथ जाने का उनका कोई इरादा नहीं है। हेमंत सोरेन से मिलने वालों में झामुमो के पोटका से विधायक संजीव सरदार, घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन, बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती और जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी शामिल हैं। सभी विधायकों ने एक स्वर में कहा कि वे झामुमो और हेमंत सोरेन के साथ हैं। ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने भी इस दौरान मुलाकात की। हालांकि, उनका नाम उन विधायकों में नहीं था, जिनके बारे में चंपई के साथ जाने की अफवाह उड़ी थी। विधायकों ने बताया कि विरोधियों ने गलत बातें उनके संदर्भ में फैलाई।
रामदास सोरेन ने कहा कि वे लोग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने के लिए आए थे। सब कुछ ठीक है। चंपई सोरेन के साथ जाने संबंधी सवाल पर कहा कि सबकुछ अफवाह है। कोई कहीं नहीं जाएगा। सभी लोग हेमंत सोरेन के साथ हैं। चंपई सोरेन के बारे में पूछे जाने पर कहा कि इसका जवाब वही दे सकते हैं। वे अपने विधानसभा क्षेत्र के काम के सिलसिले में मिलने आए थे।
बहरागोड़ा से झामुमो के विधायक समीर मोहंती ने कहा कि वे झामुमो में हैं और यहीं रहेंगे। हेमंत सोरेन के हाथ को मजबूत करेंगे। जो बातें उठी है, उसमें उनकी ओर से कुछ नहीं कहा गया है। चंपई सोरेन के बारे में कहा कि उनकी नाराजगी है तो वही बता सकते हैं।
