
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ईडी के बाद अब सीबीआई का शिकंजा कसता जा रहा है. अरविंद केजरीवाल को सीबीआई ने अदालत की इजाजत के बाद गिरफ्तार कर लिया है. राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई को पूछताछ की इजाजत दे दी है. इससे पहले सीबीआई अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल से लेकर राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंची। सीबीआई ने रिमांड के लिए अरविंद केजरीवाल को आज यानी बुधवार को कोर्ट में पेश किया. सीबीआई ने पूछताछ के लिए अदालत से अरविंद केजरीवाल की हिरासत मांगी. इस पर अदालत ने मंजूरी दे दी। फिलहाल, दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट और आम आदमी पार्टी दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए ये तैनाती की गई है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बेल मिलने के बाद उन्हें दो जून को फिर से अंतरिम जमानत खत्म होने के बाद तिहाड़ जेल जाना पड़ा था। इसके बाद से लगातार आम आदमी पार्टी विरोध प्रदर्शन करती आ रही है। एक तरफ निचली अदालत के जमानत देने के फैसले पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी, वहीं दूसरी तरफ सीबीआई की पूछताछ के बाद यह लग रहा है कि केजरीवाल के जेल से बाहर आने में समय लगने वाला है।
