
पटना। राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में बड़े स्तर पर काम कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि सभी जिला अस्पतालों को चरणबद्ध तरीके से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने यह घोषणा राजधानी के दरियापुर भट्ठी स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन के दौरान की। कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बिहार के पांच जोन में 11 लेवल-थ्री और पांच लेवल-टू ट्रामा सेंटर बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा एलएनजेपी अस्पताल में 400 बेड का नया अस्पताल स्थापित किया जाएगा।पीएचसीएच में भी सितंबर से बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द नई नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में चिकित्सकों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए राज्य के 15 हजार अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। एक विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से डॉक्टरों के अस्पताल पहुंचने का समय, ओपीडी, आईपीडी, वार्ड राउंड और ऑपरेशन थिएटर में किए गए कार्य का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा।
इसकी निगरानी मुख्यालय स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से होगी और स्वयं स्वास्थ्य मंत्री भी इसकी समीक्षा करेंगे। निशांत ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण दवा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। दवाओं के वितरण और गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाएगी। साथ ही सीएचसी और जिला अस्पतालों में एमआरआई, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि मरीजों को बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।
