
पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने एकीकृत 70वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा और पुनर्परीक्षा की आंसर-की (BPSC 70th Prelims Exam Answer Key) जारी कर दी है। आयोग ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 13 दिसंबर को 911 केंद्रों पर परीक्षा तथा चार जनवरी को 22 केंद्रों की पुनर्परीक्षा के प्रश्न पत्रों का अंतरिम आदर्श उत्तर वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
16 जनवरी तक अभ्यर्थी प्रश्न और उसके जवाब के विरुद्ध प्रमाण के साथ आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। विषय विशेषज्ञों की समिति द्वारा अभ्यर्थियों के दावा व आपत्ति के निष्पादन के बाद अंतिम आदर्श उत्तर प्रदर्शित किया जाएगा।
आयोग ने स्प्ष्ट किया है कि यदि कोई प्रश्न गलत होते हैं और उन्हें डिलीट करना पड़ता है तो वैसी स्थिति में उक्त प्रश्न के लिए निर्धारित अंक सभी अभ्यर्थियों को दिया जाएगा। यह पूर्व निर्धारित प्रकिया है।
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा अनुशंसित विद्यालय अध्यापक अभ्यर्थियों की काउंसलिंग अब 21 से 30 जनवरी तक होगी। शिक्षा विभाग ने तीसरी बार काउंसलिंग की तिथि में संशोधन किया है। इसे संबंधित संशोधित शिड्यूल शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को जारी किया गया।
प्राथमिक शिक्षा निदेशक पंकज कुमार के निर्देश के मुताबिक, विद्यालय अध्यापक अभ्यर्थियों की काउंसलिंग यानी प्रमाण पत्रों का सत्यापन के लिए बीपीएससी द्वारा आवंटित जिलों में होगी।
