नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के साथ प्रधानमंत्रीजनसेवा में एक संवैधानिक प्रमुख (मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री) के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत करने जा रही है। इस बार दोनों संयोग के मद्देनजर भाजपा ने जन सेवा और समर्पण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर यानि एक महीने का सेवा संकल्प अभियान चलाने का का निर्णय लिया है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को केंद्रीय कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर बताया कि भाजपा हर बार प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर ‘सेवा पखवाड़ा’ का आयोजन करती है लेकिन इस बार यह सुखद संयोग बन रहा है कि 07 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री जनसेवा में एक संवैधानिक प्रमुख (मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री) के रूप में अपने 25 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। इसलिए, इस बार हमने जन सेवा और समर्पण के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हमने एक महीने का सेवा संकल्प अभियान मनाने का निर्णय लिया है। इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना तथा ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प मजबूत करना है। देश भर में भाजपा कार्यकर्ता और आम जन की इस अभियान में सहभागिता होगी और हम सब मिलकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संदेश को आगे बढ़ाएंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इसी उद्देश्य से 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर “सेवा दिवस” के रूप में होगी, जिसे हर वर्ष “सेवा पखवाड़ा” के तहत मनाया जाता है। प्रथम दिन 17 सितंबर को रक्तदान शिविर के माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जिसमें युवा और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी रहेगी। इसी दिन शाम 7:00 बजे “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक परिवार, विशेषकर लाभार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आशीर्वाद स्वरूप दीप जलाए जाएंगे। यह पिछले 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और “विकसित भारत 2047” के संकल्प का प्रतीक होगा। 2 अक्टूबर को हर साल स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी इसे उसी रूप में किया जाएगा। इसके बाद “मेरे सपनों का भारत” के तहत पिछले 25 वर्षों की सेवा और समर्पण तथा “विकसित भारत” की कल्पना जैसे विषयों पर 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी स्कूलों में चित्रकारी, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट चित्रों और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्यमंत्री तथा अन्य केंद्रीय मंत्रियों के स्तर पर प्रमाण पत्र देने की योजना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version