
रांची। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि भारत का युवा देश निर्माण में लगा है। कुछ लोग युवाओं को व्यवस्था विरोधी कह रहे हैं, जो गलत है। हमारा युवा अनुशासन और इनोवेशन के साथ देश को आगे बढ़ा रहा है। रांची में प्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित प्रबुद्ध लोगों की गोष्ठी को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड का निर्माण भाजपा ने किया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों के झारखंड का विकास भाजपा ही करेगी।
प्रबुद्ध नागरिक संवाद का विषय विकसित भारत- 2024 था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने वादे के मुताबिक सबके लिए अच्छे दिन लाने का प्रयास किया है। आज मोदी सरकार ने देश में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है।केंद्र सरकार ने 80 करोड़ लोगों को पांच किलो अनाज मुफ्त में दे रही है।
60 करोड़ परिवार को मोदी सरकार ने आयुष्मान योजना का लाभ दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाना मोदी सरकार का सपना है। देश के सभी वर्ग को अपने हिस्से का सहयोग करना होगा तभी यह सपना साकार हो पाएगा।विकसित भारत का विजन रखते हुए नितिन नवीन ने कहा कि हम सबसे बड़े युवा आबादी वाले देश हैं।
दो लाख से अधिक स्टार्टअप देश में चल रहे हैं। देश के युवा रोजगार पाने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं। 125 से अधिक यूनिकार्न देश में कार्यरत हैं जो युवाओं के कौशल और उद्यमिता का प्रतीक है। एआइ की सभी बड़ी कंपनियां भारत को हब बनाना चाहती है।जो लोग इस देश के युवाओं को नकारात्मक राजनीति के लिए ले जाना चाहते हैं वो सफल नहीं होंगे। कुछ लोग विदेश में बैठकर ये सोच लेते हैं कि हम भारत के युवाओं को दिशा दे देंगे। भारत का युवा किसान के साथ चौपाल में रहता है, कालेज कैंपस में रहता है।
भारत का युवा दिल्ली में बैठे कुछ लोगों की कठपुतली बनकर आगे नहीं बढ़ने वाला।सशक्त हो रही महिलाएं : महिला शक्ति को लेकर नितिन नवीन ने कहा कि तीन करोड़ लखपति महिला दीदी बनाने में हम सफल हुए हैं। महिलाएं परिवार और राज्य को सबल बनाती है। देश की आधी आबादी को हम पूरा सम्मान देंगे और 33 प्रतिशत आरक्षण का जो संकल्प हमने लिया है, आने वाले समय में हम इसे जरूर पूरा करेंगे। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं ने बहुत बड़ा योगदान दिया।विपक्ष की राजनीति से भाजपा को होता है लाभ : नितिन नवीन ने कहा कि डिजिटल इंडिया का विपक्षी दलों ने काफी मजाक बनाया था। विपक्षी दल जब भी भाजपा का मजाक बनाते हैं तो जनता भाजपा को और अधिक आशीर्वाद देती है।

