
पटना। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन विपक्ष के हंगामे और विरोध प्रदर्शन के बीच बीजेपी विधायक पवन जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने वोटर वेरिफिकेशन और मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मामले में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग मर चुके हैं या जिन्होंने दो-दो वोटर कार्ड बनवा लिए हैं, उनका नाम वोटर लिस्ट से कटेगा ही। इसमें गलत क्या है?”
जायसवाल ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को ‘बिना मतलब का हंगामा’ बताते हुए कहा कि “ये लोग काला कपड़ा पहन कर विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि इनका दिल काला है, इनका विचार काला है।” उन्होंने कहा कि विपक्ष का असली उद्देश्य जनहित नहीं, बल्कि अव्यवस्था फैलाना और सत्र को बाधित करना है।
बीजेपी विधायक की यह टिप्पणी तब आई है जब कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और बढ़ते अपराध को लेकर विधानसभा में जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायकों ने मुख्य द्वार को जाम कर दिया, जिससे मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों को वैकल्पिक रास्ते से सदन में प्रवेश करना पड़ा।
पवन जायसवाल ने कहा कि सरकार पारदर्शी तरीके से वोटर लिस्ट का सत्यापन करवा रही है ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और विश्वसनीय हो। लेकिन विपक्ष सिर्फ राजनीति करने और जनता को भ्रमित करने में लगा है।
बिहार विधानसभा का मानसून सत्र इस बार शुरू से ही गरम माहौल में चल रहा है। सरकार जहां सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाना चाहती है, वहीं विपक्ष अपराध और चुनाव व्यवस्था को लेकर सरकार को लगातार घेरने की कोशिश में है।
