
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी के साथ केवल दो अन्य लोग ही शपथ लेंगे। जदयू कोटे से ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। जानकारी के अनुसार, जदयू कोर कमेटी में इस बाबत हुई मंत्रणा के बाद यह तय किया गया कि विजय चौधरी के साथ बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी उपमुख्यमंत्री का पद दिया जाए। विजय चौधरी का नाम तो काफी पहले से उपमुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा था पर बिजेंद्र प्रसाद यादव का नाम मंगलवार को तय हुआ। मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मई के पहले हफ्ते मे अन्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। मंत्रियों की सूची पर दो-तीन दिनों के बाद काम आरंभ होगा।
विजय चौधरी का प्रोफाइल : विजय कुमार चौधरी बिहार के एक अनुभवी राजनीतिज्ञ के रूप में शुमार हैं। नीतीश कुमार के करीबी विजय चौधरी नौकरा में आने से पहले भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी थे। उनके पिता भी विधायक थे। पिता के निधन के बाद 1982 में उन्होंने दलसिंहसराय विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर उप चुनाव लड़ा। उप चुनाव वह जीते भी। वर्ष 1985 से 1990 तक वह दलसिंहसराय का प्रतिनिधित्व कांगेस विधायक के रूप में करते रहे। इसके बाद 2005 में वह नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी जदयू में शामिल हो गए। वर्तमान में वह सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में वर्तमान में वह जल संसाधन व संसदीय कार्य मंत्री हैं। इसके पूर्व वह शिक्षा, वित्त व वाणिज्यकर विभाग के भी मंत्री रह चुके हैं। एक बार वह विधानसभा अध्यक्ष भी रहे।
बिजेंद्र प्रसाद यादव का प्रोफाइल : बिजेंद्र प्रसाद यादव बिहार के सबसे अधिक अनुभवी राजनीतिज्ञों में एक हैं। वर्तमान में वह ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त वित्त और वाणिज्यकर विभाग के मंत्री हैं। वर्ष 1990 से वह लगातार सुपौल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीत रहे हैं। एक समय वह जदयू के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके हैं। वर्ष 1990 में बिजेंद्र प्रसाद यादव पहली बार लालू प्रसाद की सरकार में मंत्री बने। उस समय से वह लगातार मंत्री हैं।
