समस्तीपुर । बिहार का कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन पुलिस मुठभेड़ मारा गया। ललन सिंह को उत्तर प्रदेश पुलिस ने सहारनपुर जिले में मुठभेड़ में मार गिराया। सहारनपुर जिले में सरसावा-नकुर रोड पर रविवार देर रात ललन सिंह उर्फ लल्लन की पुलिस टीम से मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षा के लिए पुलिस की ओर से भी गोली चलाई गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया था। बदमाश को सीएचसी सरसावां से जिला अस्पताल सहारनपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बिहार के समस्तीपुर जिले के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला ललन सिंह उर्फ लल्लन एक कुख्यात इनामी अपराधी था। वह कई मामलों में वांछित था। 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक सब इंस्पेक्टर पर गोली चलाने और उनकी सर्विस पिस्टल लूटने और 1 नवंबर 2022 को चंदौली में गोलीबारी और लूट की घटना में शामिल था।

पुलिस ने बताया कि ललन सिंह अपने भाइयों और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था। वो गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा। इन अपराधों में सात लोगों की हत्या का भी आरोप है, जिनमें दो सब इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सिक्योरिटी गार्ड शामिल थे। उस पर बैंक डकैती, कैश वैन लूट और सरकारी हथियार लूटना भी शामिल है। उसकी गिरफ्तारी के लिए वाराणसी के पुलिस कमिश्नर ने एक लाख और चंदौली के पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

बिहार और पूर्वांचल में लोगों के लिए आतंक का पर्याय बने ललन सिंह के पीछे पुलिस लंबे समय से जुटी हुई थी। वो लगातार फरार चल रहा था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version