खूंटी । बिहार की राजनीति में वैज्ञानिक पृष्ठभूमि से उभरकर सामने आए युवा विधायक डॉ. मंजरिक मृणाल ने शुक्रवार को पद्मभूषण से सम्मानित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर दोनों के बीच वर्तमान राजनीति, युवा नेतृत्व और लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका को लेकर सार्थक संवाद हुआ।

डॉ. मंजरिक मृणाल बिहार के चर्चित युवा वैज्ञानिक, समाजसेवी और शिक्षाविद हैं। वे प्रसिद्ध शिक्षाविद डॉ. राम इकबाल सिंह के शिष्य रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने अमेरिका की यूनिवर्सिटी आॅफ टेक्सास से एम.टेक और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। इसके अलावा वे देश के प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु में भी कार्य कर चुके हैं और एचपी लैब में वरिष्ठ शोध वैज्ञानिक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। डॉ. मृणाल के नाम मैकेनिकल इंजीनियरिंग, ऊर्जा दक्षता और मशीन डिजाइन से संबंधित 11 अमेरिकी पेटेंट और 3 भारतीय पेटेंट दर्ज हैं। यह उपलब्धियां उन्हें वैश्विक स्तर पर एक विशिष्ट वैज्ञानिक पहचान दिलाती हैं।

हाल ही में संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में डॉ. मंजरिक मृणाल ने जनता दल (यूनाइटेड) के प्रत्याशी के रूप में वारिसनगर विधानसभा क्षेत्र (समस्तीपुर) से चुनाव लड़ते हुए भारी अंतर से जीत हासिल की और पहली बार विधानसभा पहुंचे। इस अवसर पर पद्मभूषण कड़िया मुंडा ने डॉ. मृणाल जैसी युवा और प्रतिभाशाली शख्सियत को लोकतंत्र में जनसेवा का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच, नवाचार और आधुनिक दृष्टिकोण से जुड़े युवा नेता ही विकसित बिहार और विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं।

कड़िया मुंडा ने युवाओं की राजनीति में भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्हें सही दिशा और मार्गदर्शन देने की आवश्यकता है, ताकि वे लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बना सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. मंजरिक मृणाल जैसे शिक्षित और वैज्ञानिक सोच वाले नेता राजनीति में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version