पटना। बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस बीच, एनडीए समर्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के उम्मीदवार नीरज कुमार ने विक्ट्री साइन दिखाकर जीत का भरोसा जताया। वहीं, मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत का दावा किया।

नीरज कुमार ने दिखाया विक्ट्री साइन

मतदान के बीच पटना स्नातक सीट को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एनडीए के उम्मीदवार नीरज कुमार शुक्रवार सुबह अपने क्षेत्र के लिए रवाना होने से पहले मीडिया के सामने आए और विक्ट्री साइन दिखाया। इस सीट पर नीरज कुमार और जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के बीच मुकाबले पर राजनीतिक दलों और समर्थकों की नजरें टिकी हुई हैं।

अनंत सिंह बोले- जनता ही मालिक है

जदयू विधायक अनंत सिंह ने चुनाव को लेकर कहा कि यह कोई ‘रसगुल्ला वाला चुनाव’ नहीं है। उन्होंने कहा, “जनता मालिक है, भगवान है और हमारी जीत होगी। जीत किसी दुकान में नहीं मिलती, वह जनता के पास है।” उन्होंने भरोसा जताया कि जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह चुनाव में जीत हासिल करेंगे।

अनंत सिंह ने चुनाव में गड़बड़ी की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि यह जनता का वोट है और कोई बेईमानी नहीं करेगा। अगर कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा, तो जनता खुद सामने आकर जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव को लेकर कहीं तनाव का माहौल नहीं है।

वशिष्ठ नारायण सिंह के बयान पर नहीं की टिप्पणी

जदयू के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह की ओर से नीरज कुमार के समर्थन में वीडियो जारी किए जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने मोबाइल पर देखा है कि वशिष्ठ नारायण सिंह बीमार हैं और उन्होंने लोगों से नीरज कुमार को वोट देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वशिष्ठ नारायण सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और वह उनकी बात पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।

हालांकि, अनंत सिंह ने एक बार फिर अनुज सिंह की जीत का दावा दोहराते हुए कहा कि वह पूर्ण बहुमत से चुनाव जीत रहे हैं।

रसगुल्ले और चुनावी खर्च पर भी दिया बयान

मतदाताओं की भागीदारी और रसगुल्ले से जुड़े सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि तीन जिलों से करीब 600 लोग आते हैं। ऐसे में आने-जाने के लिए गाड़ी का किराया लगता है और रसगुल्ले के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने दोहराया कि चुनाव जनता के समर्थन से जीता जाता है।

नतीजों पर टिकी राजनीतिक दलों की निगाहें

गौरतलब है कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए ने जदयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को अनंत सिंह का समर्थन प्राप्त है। मतदान के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जीत के दावे किए जा रहे हैं। अब इस सीट के चुनावी नतीजों का इंतजार है, जिस पर राजनीतिक दलों और समर्थकों की निगाहें टिकी हुई हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version