
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मंगल पांडे सहित 71 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। काफी लंबी खींचतान के बाद एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर आपस में सहमति बन पाई थी, लेकिन महागठबंधन में अभी भी कांग्रेस और राजद के बीच मामला फंसा हुआ है।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी तारापुर से फिर एक बार ताल ठोकेंगे। सिवान से स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर दांव लगाया गया है। दानापुर से पूर्व सांसद रामकृपाल यादव को भाजपा ने टिकट दी है। बीजेपी ने आरा से संजय सिंह, परिहार से गायत्री देवी को टिकट दिया है।
बीजेपी की पहली सूची में पार्टी के वरिष्ठ और दिग्गज नेताओं को प्राथमिकता दी गई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को उनके पैतृक क्षेत्र से जुड़ी तारापुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी को बेतिया विधानसभा सीट से एक बार फिर टिकट दिया गया है।
प्रमुख मंत्रियों और दिग्गजों पर भरोसा
पार्टी ने अपने कई कद्दावर मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को उनकी वर्तमान सीटों से दोबारा मैदान में उतारा है। मंत्री नितिन नबीन को पटना की बांकीपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, मंत्री मंगल पाण्डेय को सिवान से टिकट दिया गया है। इसके अतिरिक्त, संजय सरावगी को दरभंगा सीट से चुनावी जंग में उतारा गया है, जबकि नीरज कुमार बबलू छातापुर सीट से अपनी किस्मत आजमाएंगे।
बीजेपी ने केंद्रीय राजनीति में सक्रिय रहे प्रमुख ओबीसी चेहरे रामकृपाल यादव को दानापुर विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है। पार्टी ने सभी बड़े नेताओं को टिकट देकर यह सुनिश्चित किया है कि वो पूरे राज्य में मजबूत उपस्थिति बनाए रखे। इस सूची में बड़े नामों को रिपीट करने के पार्टी के फैसले ने साफ कर दिया है कि बीजेपी ने फिलहाल कोई बड़ा जोखिम नहीं लिया है और जीत की रणनीति पर कायम है।
बीजेपी ने बेतिया से रेणु देवी, जमुई से श्रेयसी सिंह को टिकट दिया है। वहीं, रक्सौल से प्रमोद कुमार चुनावी मैदान में नजर आएंगे। सीतामढ़ी से सुनील कुमार पिंटू को टिकट मिला है। लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा को टिकट मिला है।
रीगा से बैद्यनाथ, मधुबन से राणा रंधीर, बथनाह से अनिल कुमार मैदान में होंगे। बेनीपट्टी से विनोद नारायण झा और अरवल से मनोज शर्मा ताल ठोकेंगे। राजनगर से सुजीत पासवान, ढाका से पवन जायसवाल, नरपतगंज से देवंती यादव को टिकट मिला है। बीजेपी ने प्राणपुर से निशा सिंह, झंझारपुर से नीतीश मिश्रा, कटिहार से तार किशोर प्रसाद पर भरोसा जताया है। पिपरा से श्याम बाबू, सिकटी से विजय कुमार शंकर, दरभंगा से संजय सरावगी को टिकट मिला है।
पटना साहिब से रत्नेश कुशवाहा, औराई से रमा निशाद, साहेबगंज से राजकुमार को उम्मीदवार बनाया है।फारबिसगंज से विद्यासागर, किशनगंज से स्वीटी सिंह को टिकट मिला है। दरौंदा से कर्णजीत सिंह, लालगंज से संजय कुमार सिंह को टिकट मिला है। मोतिहारी से प्रमोद कुमार, सहरसा से आलोक रंजन को टिकट मिला है।
