
पटना। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की पहली गेंद पर ही बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा क्लीन बोल्ड हो गए। बेचारे विजय सिन्हा! थोड़े शरमा से गए। मगर, उनके पीछे खड़े समर्थकों में से किसी का प्रेजेंस ऑफ माइंड काम किया और लगा नो बॉल.. नो बॉल चिल्लाने। किसी तरह माहौल थोड़ा हल्का हुआ। श्रेयसी भी चुपचाप दूसरे बॉल के लिए तैयार हो गईं। एक के बाद एक उन्होंने चार बॉल ऐसे फेंके, जिसे विजय सिन्हा का बैट, टच ही नहीं कर पाया। फिर किसी तरह पांचवां बॉल विजय सिन्हा के लिए लकी रहा। आखिरकार उन्होंने बॉल को टच कर दिया। फिर तो समर्थकों ने छक्का-छक्का का शोर मचा दिया। इसके बाद विजय सिन्हा का कॉन्फिडेंस थोड़ा बढ़ा और उन्होंने छठे बॉल को भी ठोक डाला।
दरअसल, पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में आयोजित ‘भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति महिला क्रिकेट चैंपियनशिप 2025’ का समापन बेहद रोमांचक और यादगार रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए खुद मैदान पर बल्ला थामा। वहीं, दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने गेंदबाजी का मोर्चा संभाला। जैसे ही श्रेयसी ने पहली गेंद फेंकी, वो सीधे स्टंप्स पर जा लगी और डिप्टी सीएम क्लीन बोल्ड हो गए। इस हल्के-फुल्के पल ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मैदान पर हुए इस दिलचस्प मुकाबले के बाद असली जंग ‘डिजिटल इंडिया थंडर’ और ‘जल जीवन स्ट्राइकर’ के बीच हुई। खिताबी भिड़ंत में डिजिटल इंडिया थंडर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। मैच के बाद उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने संयुक्त रूप से विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।
