रांची। झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। लातेहार पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 लाख रुपये के इनामी नक्सली रविंद्र गंझू को चंदवा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। रविंद्र गंझू प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) का स्वयंभू रीजनल कमांडर बताया जाता है। उस पर झारखंड पुलिस ने 15 लाख रुपये और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस के अनुसार, रविंद्र गंझू लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत हेसला मौजा के बांझीटोला का निवासी है। उसके खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में 55 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे सोमवार सुबह उसके गांव हेसला के समीप से गिरफ्तार किया गया।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रविंद्र गंझू पर 22 नवंबर 2019 को तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के झारखंड दौरे के दौरान पुलिस बल पर हुए नक्सली हमले की साजिश रचने का भी आरोप है। इस हमले में चार पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, घटना को अंजाम देने के लिए उसने रेकी और सूचना देने वालों की मदद ली थी।

रविंद्र गंझू की तलाश एनआईए भी कर रही थी। उसके खिलाफ दर्ज मामलों में एक मामला एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली सुधाकरण से जुड़े नेटवर्क की जांच से संबंधित है। वहीं दूसरा प्रमुख मामला 22 नवंबर 2019 को चंदवा में पुलिस की पीसीआर वैन पर हुए नक्सली हमले से जुड़ा है, जिसमें चार पुलिसकर्मियों की जान गई थी।

सुरक्षा एजेंसियां रविंद्र गंझू से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, सहयोगियों और नक्सली गतिविधियों से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटाने में लगी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version