पटना। बिहार को जल्द ही एक और बड़ी आधारभूत संरचना परियोजना की सौगात मिलने वाली है। गंगा नदी पर बना कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल पूरी तरह तैयार हो चुका है। अब इसके उद्घाटन का इंतजार है। संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुलाई के अंतिम सप्ताह में इसका लोकार्पण कर सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री कार्यालय से अनुरोध किया है।यह पुल शुरू होने के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क पहले से कहीं अधिक तेज और सुगम हो जाएगा।

साथ ही पटना, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और सीमांचल के जिलों तक पहुंचने में लगने वाला समय भी कम होगा। गंगा नदी पर निर्मित यह परियोजना कुल 19.76 किलोमीटर लंबी है। इसमें 9.76 किलोमीटर मुख्य पुल तथा करीब 10 किलोमीटर संपर्क पथ (एप्रोच रोड) शामिल है। पुल की चौड़ाई 32 मीटर है और इसे छह लेन का बनाया गया है। यह पुल पटना के एनएच-30 स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के कल्याणपुर चकसिकंदर (एनएच-103) से जोड़ेगा।

वर्तमान में कच्ची दरगाह से राघोपुर तक करीब 4.57 किलोमीटर हिस्से पर वाहनों का परिचालन हो रहा है। शेष कार्य पूरा होने के बाद अब पूरे कॉरिडोर को चालू करने की तैयारी है।

2017 में शुरू हुआ था निर्माण : इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण वर्ष 2017 में शुरू हुआ था। कई बार समय व‍िस्‍तार किया गया इसकी कुल लागत 4,988.40 करोड़ रुपये है।परियोजना के लिए राज्य सरकार ने एशियाई विकास बैंक (ADB) से करीब 3,000 करोड़ रुपये का ऋण लिया, जबकि लगभग 2,000 करोड़ रुपये राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से खर्च किए।

उत्तर बिहार की यात्रा होगी आसान : यह पुल चालू होने के बाद पटना से वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, मधुबनी और पूर्वी चंपारण सहित उत्तर बिहार के कई जिलों तक पहुंचना अधिक आसान हो जाएगा। अभी महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। नया पुल शुरू होने से ट्रैफिक का दबाव बंटेगा और यात्रा का समय भी कम होगा।

साथ ही झारखंड और दक्षिण बिहार से आने वाले वाहन बिना पटना शहर के भीड़भाड़ वाले मार्गों से गुजरे सीधे उत्तर बिहार की ओर जा सकेंगे, जिससे माल परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

गंगा पर बिहार का नौवां पुल : कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के चालू होने के बाद यह गंगा नदी पर बिहार का नौवां सड़क पुल होगा। वर्तमान में गंगा पर आठ पुलों से आवागमन हो रहा है, जबकि पटना में गंगा पर तीन अन्य पुलों का निर्माण भी जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version