रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक दिनेश विलियम मरांडी भाजपा में शामिल हुए। इस बार झामुमो ने उन्हें विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं दिया था, जिससे वह नाराज थे। लिट्टीपाड़ा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की चुनावी रैली के दौरान मरांडी ने भाजपा की सदस्यता ली। चौहान ने मरांडी का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि वे दोनों मिलकर झारखंड के विकास और यहां के लोगों की भलाई के लिए काम करेंगे।

भाजपा में शामिल होने के कुछ घंटों बाद, झामुमो ने मरांडी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। सत्तारूढ़ दल ने मरांडी को लिखे अपने पत्र में कहा कि उन्हें बृहस्पतिवार को कारण बताओ नोटिस दिया गया था, लेकिन वह समय सीमा के भीतर जवाब देने में विफल रहे। झामुमो ने पत्र में कहा कि आपको पार्टी के सभी पदों से हटा दिया जाता है और अगले छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया जाता है।

मरांडी ने बताया कि उन्होंने टिकट न मिलने और पार्टी नेतृत्व की धमकियों के कारण झामुमो छोड़ने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि मेरे पिता साइमन मरांडी झामुमो के संस्थापकों में से एक थे और मैंने पार्टी को मजबूत करने के लिए वर्षों तक काफी मेहनत की, लेकिन अब झारखंड के विकास के लिए मुझे पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला। उन्होंने झारखंड को भ्रष्टाचार, खराब प्रशासन और घोटालों का केंद्र’ बनाने का आरोप लगाया। चौहान ने दावा किया कि झारखंड के लोग भ्रष्ट झामुमो-कांग्रेस नीत सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version