
पटना । बंटी यादव अपहरण और हत्याकांड मामले में पुलिस महकमे में खलबली है। पटना सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में एक एएसआई समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान इन सभी का मुख्यालय नवीन आरक्षी पुलिस केंद्र, पटना तय किया गया है। विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी निलंबित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मी को निर्देश जारी किया है कि वे तीन दिनों के भीतर इस पूरे मामले पर अपना लिखित सफाई दर्ज कराएं। बंटी यादव हत्याकांड में जिन चार पुलिसकर्मियों पर विभागीय गाज गिरी है, उनके नाम भी सामने आ गए हैं।
एएसआई प्रवीण कुमार पंकज
एएसआई अवधेश कुमार
एएसआई वीर बहादुर सिंह
सुदर्शन प्रसाद (गृह रक्षक)



घटना के वक्त महज 100 मीटर के दायरे में थे तैनात
इन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मुख्य वजह घटना के समय इनकी लापरवाही रही। बताया जा रहा है कि 6 जुलाई की रात जब बंटी यादव का अपहरण किया जा रहा था, तब ये सभी पदाधिकारी घटनास्थल से महज 100 मीटर के दायरे में ही मौजूद थे। ये सभी गश्ती दल और डायल-112 की ड्यूटी पर तैनात थे। इतनी नजदीकी के बावजूद इन्हें वारदात की भनक तक नहीं लगी, जिसे ड्यूटी के प्रति घोर लापरवाही माना गया है।
किडनैपिंग के 5वें दिन 60 किमी दूर मिली थी लाश
बंटी यादव का अपहरण 6 जुलाई को पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर के पास से हुआ था। इस सनसनीखेज किडनैपिंग के पांचवें दिन, यानी 11 जुलाई को पुलिस ने बंटी का शव पटना जंक्शन से करीब 60 किलोमीटर दूर अथमलगोला इलाके से बरामद किया। इस दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।

