
धनबाद। धनबाद पुलिस ने भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वासेपुर स्थित उसके घर पर बुलडोजर चलाया। कोर्ट के कुर्की-जब्ती आदेश के तहत की गई इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। तीन डीएसपी, छह थानों की पुलिस और भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी में मकान को ध्वस्त किया गया। पुलिस का कहना है कि लगातार जब्ती की कार्रवाई के कारण मकान जर्जर हो चुका था, जिसे सुरक्षा के मद्देनज़र गिराया गया। पूरे अभियान की वीडियोग्राफी भी कराई गई।



शनिवार सुबह धनबाद पुलिस की टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ वासेपुर पहुंची। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। इस दौरान बुलडोजर से जर्जर मकान को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और मीडिया को भी सुरक्षा कारणों से निर्धारित दूरी पर रखा गया।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत प्रिंस खान के घर की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि लगातार जब्ती की कार्रवाई के कारण मकान जर्जर हो चुका था, इसलिए उसे बुलडोजर से गिराया गया। पुलिस के अनुसार यह पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में की गई है और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। माना जा रहा है कि हाल ही में निरसा विधायक अरूप चटर्जी को कथित धमकी मिलने के बाद पुलिस ने प्रिंस खान के खिलाफ कार्रवाई और तेज कर दी है।

