
रांची,। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को पश्चिम बंगाल के झालदा में पुलिस ने रोक दिया। सुदेश पार्टी प्रतिनिधिमंडल के साथ हाल ही में हुई हिंसा की घटनाओं में घायल हुए लोगों से मिलने जा रहे थे। प्रतिनिधिमंडल में सुदेश महतो के साथ पार्टी के पूर्व विधायक लंबोदर महतो, ईचागढ़ के पूर्व प्रत्याशी हरेलाल महतो, पार्टी के महासचिव और हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी संजय मेहता शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि कुड़मी समाज के एसटी दर्जे की मांग को लेकर हुए आंदोलन के दौरान कोटशिला क्षेत्र के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इन घायलों से मिलने और उनके हालचाल जानने के उद्देश्य से सुदेश पश्चिम बंगाल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक दिया और आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।
वहीं मौके पर पार्टी के महासचिव संजय मेहता ने पुरुलिया के एडिशनल एसपी से बात की। उन्होंने साफ़ तौर पर एसपी से कहा की पुलिस के आदेश के बावजूद लोकतांत्रिक अधिकार का हनन हमलोग नहीं सहेंगे। हमलोगों को जाने दिया जाए। इसके बाद पुलिस ने बड़ी सुरक्षा के बीच सुदेश महतो को कोटशिला तक जाने दिया लेकिन सिर्फ कार्यकर्ताओं से मिलने दिया। पुलिस ने पीड़ितों के गांवों में जाने से सुदेश महतो को रोक दिया।
