हजारीबाग: जिले के बरही में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बड़ी बैंक डकैती की वारदात सामने आई है। अपराधियों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा को निशाना बनाते हुए करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और लगभग 5 लाख रुपये नकद लूट लिया।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार अपराधी पूरी तैयारी के साथ बैंक में दाखिल हुए। सभी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट, मास्क और गमछे का इस्तेमाल किया था। बदमाशों के पास देसी हथियार थे, जिनके बल पर उन्होंने बैंककर्मियों के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया।इसके बाद अपराधियों ने कर्मचारियों से लॉकर खुलवाकर उसमें रखे सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान निकाल लिया। साथ ही कैश काउंटर से करीब 5 लाख रुपये भी लूट लिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बैंक को बाहर से बंद कर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है। घटना को जिस सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है, उससे अंदरूनी जानकारी होने की आशंका भी जताई जा रही है।बताया जा रहा है कि बैंक की यह शाखा करीब 7-8 महीने पहले ही शुरू हुई थी। इस घटना के बाद जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version