
मेलबर्न। आॅस्ट्रेलिया में हुए आम चुनाव में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने जीत हासिल की है। सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के नेता 21 वर्षों में लगातार दूसरी बार तीन साल का कार्यकाल जीतने वाले पहले आॅस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री बन गए हैं। रूढ़िवादी लिबरल पार्टी के नेता पीटर डटन अपनी डिक्सन की सीट भी नहीं बचा सके। इस पर लेबर पार्टी की उम्मीदवार ने जीत हासिल की। उन्होंने हार स्वीकार करते हुए कहा कि हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। मैं इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वीकार करता हूं।
पीएम मोदी ने दी बधाई : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एंथनी अल्बानीज को उनकी शानदार जीत और आॅस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के रूप में पुन: निर्वाचित होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वह भारत-आॅस्ट्रेलिया के व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने के लिए साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।
अल्बानीज ने कहा कि हमने यहां विभाजन और आॅस्ट्रेलियाई लोगों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करने की अमेरिकी शैली की राजनीति चलाने का प्रयास देखा है और मुझे लगता है कि यह आॅस्ट्रेलियाई तरीका नहीं है। हमारी सरकार आॅस्ट्रेलियाई तरीका चुनेगी, क्योंकि हमें इस पर गर्व है कि हम कौन हैं। हमें कहीं और से नकल करने की जरूरत नहीं है। हम इसे यहीं अपने मूल्यों और अपने लोगों में पाते हैं।
जीवन-यापन के बढ़ते खर्च और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अस्थिर नीतियों के बारे में चिंताएं मतदाताओं के बीच प्रमुख मुद्दा थीं। आॅस्ट्रेलियाई चुनाव आयोग की वेबसाइट ने अनुमान व्यक्त किया है कि लेबर पार्टी प्रतिनिधि सभा में 150 में से 81 सीटें जीतेगी, जिससे संसद में उसका बहुमत बढ़ जाएगा। अभी 68 प्रतिशत मतों की गिनती हो चुकी है।
लेबर पार्टी ने विपक्षी नेता को डोज-वाई डटन करार दिया और उनकी पार्टी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके सरकारी दक्षता विभाग (डोज) की नकल का आरोप लगाया। लेबर पार्टी का तर्क था कि डटन का प्रशासन अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सेवाओं में कटौती करेगा।
