
रांची। मुख्यमंत्री हेमत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में 21 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि राज्य योजना अन्तर्गत चालू योजना के तहत संचालित अटल मोहल्ला क्लीनिक की योजना का नाम बदलने की मंजूरी दी गई। इसके अनुसार अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम अब मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक होगा। उल्लेखनीय है कि अटल मोहल्ला क्लीनिक को पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में राज्य भर के शहरी स्ल्म क्षेत्रों के आवासीय इलाकों में खोला गया था। इसकी कुल संख्या तीन लाख 73 हजार है।
विश्वविद्यालय विधेयक पर मुहर : कैबिनेट ने झारखंड राज्य विश्वविद्यालय विधेयक-2025 की स्वीकृति दी। इसके अनुसार अब विश्वविद्यालयों में कुलपति, प्रतिकुलपति, परीक्षा नियंत्रक, शिक्षक और शिक्षिकेत्तकर कर्मियों की नियुक्ति अब विश्वविद्यालय सेवा आयोग का गठन कर किया जाएगा। पूर्व में विश्वविद्यालयों में कुलपति, प्रतिकुलपति सहित अन्य, पदों पर नियुक्ति राजभवन की ओर से किया जाता था। यह विधेयक कैबिनेट के बाद विधानसभा के पटल पर रखा जाएगा। इसके बाद इसे राज्यपाल के पास स्?वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
कर्मियों के लिए काल्पनिक वेतनवृद्धि की मंजूरी : 30 जून और 31 दिसंबर को सेवानिवृत होने वाले कर्मियों के सेवानिवृति लाभों की गणना के लिए काल्पनिक वेतनवृद्धि मान्य करने के संबंध में निर्गत संकल्प को निरस्त करते हुए भारत सरकार के आॅफिस मेमोरंडम 20 मई 2025 के आलोक में काल्पनिक वेतनवृद्धि मान्य करने की मंजरी दी गई। इसके तहत पूर्व में सेवानिवृत से पूर्व कर्मियों को कई मदों में काल्पनिक वेतनवृद्धि का लाभ मिलता था, लेकिन अब इसे संशोधित करते हुए इसका लाभ केवल पेंशन मद में ही दिया जाएगा।
तीन महिला डॉक्टर बर्खास्त : कैबिनेट में तीन महिला डॉक्टरों को बर्खास्त करने निर्णय लिया गया। बर्खास्त डॉक्?टरों में डॉ कुमारी रेखा, चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मुसाबनी, जमशेदपुर, डॉ० रिना कुमारी, चिकित्सा पदाधिकारी (पैथोलॉजिस्ट), सदर अस्पताल, बोकारो और डॉ वीणा कुमारी एम, चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, कसमार, बोकारो शामिल हैं।