भोपाल। मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ में भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ और झारखंड के देवघर में भाजपा लोकसभा प्रत्याशी निशिकांत दुबे के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लहर है। उनके नाम की आंधी है और इस आंधी में इस बार कांग्रेस और उनका घमंडिया गठबंधन उड़ जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का मान-सम्मान दुनिया में बढ़ा है और विकास के मामले में देश दुनिया में नंबर वन बनेगा।

डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा सदैव सबका साथ सबका विकास की बात करती आई है और धर्म के आधार पर आरक्षण का विरोध करती आई है। अब तो हाईकोर्ट ने भी निर्णय कर दिया है कि ममता बनर्जी द्वारा जिस प्रकार से राजनीतिक तुष्टिकरण के आधार पर एससी-एसटी, ओबीसी के पांच लाख से ज्यादा लोगों का आरक्षण एक वर्ग विशेष को दिया है। हाईकोर्ट ने फैसला दिया है कि इसे वापस लेकर इनका हक एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को देना चाहिए। यही गलती कांग्रेस ने भी कर्नाटक और आंध्रप्रदेश में की है। वहां की सरकारों ने भी आदिवासियों, ओबीसी का आरक्षण एक वर्ग विशेष को दिया है। वर्ग विशेष को आरक्षण देना ये एससी-एसटी और ओबीसी का न केवल हक काटने के बराबर है, बल्कि उनके साथ अन्याय करने जैसा है। यह बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और हमारे संविधान की मूल भावना के भी विरुद्ध है। मूल भावना में कहा गया था कि धर्म के आधार पर आरक्षण इस देश में नहीं दिया जा सकता। जो संविधान के बाहर जाकर केवल राजनीतिक स्वार्थ और तुष्टिकरण के कारण कांग्रेस, ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी और अन्य बाकी पार्टियां इस लाइन पर जा रही हैं मैं इसकी घोर निंदा करता हूं। हाईकोर्ट के निर्णय के बाद तो सब कुछ जगजाहिर हो चुका है। इसके बाद इन्हें माफी मांगना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश के कुछ राज्यों में घमंडिया गठबंधन की सरकार है और इन्होंने कुर्सी की खातिर सारी हदें पार कर दी है। कितनी बेशर्मी से ममता बनर्जी कह रही हैं कि हाईकोर्ट के फैसले को नहीं मानती। जनता सब जानती है जनता इसके बारे में फैसला करेगी। भाजपा शुरू से कहते हुए आई है ये वो मानसिकता है, जिसके कारण से देश का अतीत में बंटवारा हुआ। वर्ष 1947 में भी धर्म आधारित बात करने के कारण ही देश का बंटवारा हुआ था। अगर ऐसी ही बात होती रहेगी तो वापस यह बंटवारे के ही बीज बो रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version