
चतरा। सांसद कालीचरण सिंह के प्रयासों से केंद्र सरकार ने बिहार के परैया रेलवे स्टेशन से चतरा तक नई रेलवे लाइन को मंजूरी दी है। रेल मंत्रालय ने पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत बनने वाली गया जी-परैया से चतरा तक नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना को विशेष रेलवे परियोजना घोषित किया है। इस संबंध में भारत के गजट में अधिसूचना जारी कर सांसद को जानकारी दी गई है।
रेल मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह परियोजना परैया स्टेशन से चतरा (75.1 किमी) तक नई बीजी रेल लाइन निर्माण से संबंधित है। इसके साथ ही काष्ठा तक 4.95 किलोमीटर लंबा वाई कनेक्शन भी बनाया जाएगा। यह परियोजना पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत संचालित होगी।
राजपत्र में प्रकाशित सूचना के मुताबिक रेलवे (संशोधन) अधिनियम के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस परियोजना को विशेष रेलवे परियोजना घोषित किया गया है। बताया गया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 2500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
इस परियोजना को विशेष रेलवे परियोजना का दर्जा मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण, प्रशासनिक स्वीकृति और निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि इससे चतरा जिले की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। वहीं केंद्र सरकार की इस सौगात से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
सांसद ने कहा कि चतरा को रेलवे लाइन से जोड़ने की स्वीकृति मिल चुकी है। आजादी के बाद से ही लोगों की यह मांग लगातार उठ रही थी, जिसे नरेंद्र मोदी की सरकार ने पूरा कर दिया। उन्होंने केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया।
