
पटना । बिहार की युवा मुक्केबाज अंशु अब अंतरराष्ट्रीय रिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर अंशु ने अंडर-19 विश्व युवा मुक्केबाजी चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में जगह बनाई है। उनका चयन 48 किलोग्राम वर्ग में हुआ है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारीरवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि विश्व युवा मुक्केबाजी चैंपियनशिप का आयोजन 14 से 28 अक्टूबर तक बुडवा, मोंटेनेग्रो में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुनिया के विभिन्न देशों से आने वाले युवा मुक्केबाजों के बीच अंशु भारतीय टीम की जर्सी में रिंग पर उतरेंगी। यह उनके खेल करियर के साथ-साथ बिहार के लिए भी गौरव का बड़ा अवसर है।इस शिविर में देशभर से चयनित युवा मुक्केबाजों को विश्व प्रतियोगिता की चुनौतियों के लिए तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और प्रतियोगिता की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि अंशु बिहार सरकार की खेल छात्रवृत्ति नीति की ‘सक्षम योजना’ की लाभार्थी हैं। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण, संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ऐसी योजनाएं राज्य की युवा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए मजबूत आधार प्रदान कर रही हैं।अंशु का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन इस बात का उदाहरण है कि राज्य के छोटे शहरों और साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली प्रतिभाओं को यदि सही अवसर और लगातार प्रशिक्षण मिले तो वे अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकती हैं।शंकरण ने कहा कि अंशु का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन बिहार के लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि केवल राज्य को गौरवान्वित करने वाली नहीं है, बल्कि बिहार के दूसरे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने वाली भी है।उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की खेल नीति, लगातार किए जा रहे प्रयास और सहयोग का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। बिहार के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं और राज्य लगातार खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।मोंटेनेग्रो में दिखेगा बिहार की बेटी का दम : 14 से 28 अक्टूबर 2026 तक बुडवा, मोंटेनेग्रो में होने वाली विश्व युवा मुक्केबाजी चैंपियनशिप में अंशु भारतीय टीम की जर्सी में रिंग पर उतरेंगी। पटियाला में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के बाद अंशु के सामने विश्व स्तर के युवा मुक्केबाजों के बीच अपनी प्रतिभा साबित करने की चुनौती होगी।
