गयाजी। रेलवे ने गयाजी और अयोध्या के बीच नमो भारत रैपिड ट्रेन का शुभारंभ करने की घोषणा की है। इस ट्रेन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाना और यात्रा के समय को कम करना है। 408 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह सेवा पर्यावरण के अनुकूल परिवहन समाधान प्रदान करने के सरकार के लक्ष्य के अनुरूप है।

ग्रैंड कार्ड पैसेंजर एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके जैन ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि यह हमारी पुरानी मांग का पूरा होना है। गयाजी, काशी और अयोध्या तीनों पौराणिक शहर हैं, और इनके बीच रेल संपर्क की आवश्यकता थी, जो अब पूरी होने जा रही है। इससे धार्मिक आस्था रखने वालों को विशेष लाभ मिलेगा।
बिहार की दूसरी नमो भारत रैपिड रेल : गयाजी और अयोध्या के बीच चलने वाली यह ट्रेन बिहार को मिलने वाली दूसरी नमो भारत रैपिड रेल सेवा होगी। इससे पहले जयनगर से पटना के बीच नमो मेट्रो सेवा संचालित हो रही है, जो मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी और मोकामा जैसे स्टेशनों से होकर गुजरती है।

गयाजी से अयोध्या तक की नई सेवा इस पहल को और मजबूती देगी और राज्य के रेलवे नेटवर्क को आधुनिक रूप देने में मदद करेगी। इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाना और लंबी दूरी की यात्रा को तेज, आरामदायक और किफायती बनाना है। इस ट्रेन के सभी कोच अनारक्षित होंगे, लेकिन सभी वातानुकूलित होंगे, जिससे यात्रियों को ठंडी और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

रेल सूत्रों के अनुसार, नमो भारत रैपिड ट्रेन सप्ताह में छह दिन (रविवार छोड़कर) चलेगी। गया जंक्शन से यह सुबह पांच बजे प्रस्थान करेगी और 11 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। वापसी की यात्रा शाम पांच बजे अयोध्या से शुरू होकर रात 11 बजे गया पहुंचेगी।

ट्रेन में कुल 16 वातानुकूलित कोच होंगे, जिससे यात्रियों की सुविधा और आराम सुनिश्चित होगा। यह सेवा विशेष रूप से दैनिक यात्रियों और धार्मिक पर्यटकों को ध्यान में रखकर शुरू की जा रही है।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव : गया-अयोध्या रेलखंड पर कई प्रमुख स्टेशन हैं, जिनमें रफीगंज, सासाराम, डीडी उपाध्याय जंक्शन, काशी, वाराणसी जंक्शन, जौनपुर जंक्शन, शाहगंज, अकबरपुर और गोशाईगंज शामिल हैं।

नमो भारत रैपिड रेल का किराया : इस सेवा का अनुमानित अनारक्षित एसी किराया 500 रुपए रखा गया है, जो इसे सभी वर्गों के यात्रियों के लिए एक सुलभ और किफायती विकल्प बनाता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version