रांची। राजधानी के अशोकनगर में हुई हाई प्रोफाइल चोरी के मामले का लगातार खुलासा हो रहा है। इससे पहले रांची पुलिस ने जहां दो महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया, वहीं मंगलवार को एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस ने 65 लाख मूल्य के 400 ग्राम चोरी के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। रांची सिटी एसपी पारस राणा ने मंगलवार को बताया कि 09 जुलाई को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अभिषेक पांडेय के घर में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में अरगोड़ा थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए समीर खान उर्फ कबीर खान (निवासी- शुक्ला रोड, थाना नगर, मुजफ्फरपुर, बिहार) को गिरफ्तार किया। आरोपित के पास से चोरी के 400 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी बाजार कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, आरोपित ने चोरी के जेवरात को मुजफ्फरपुर (बिहार) में एक सोना व्यवसायी के यहां बेचने की तैयारी कर रखी थी। मामले की जांच में अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात रिकवर कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।इससे पहले 23 जुलाई को मुख्य आरोपितों की पत्नियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान गुलशन परवीन और शकीला उर्फ लाडली के रूप में हुई है। वहीं इस मामले में पुलिस ने कुख्यात अंतरराज्यीय चोर इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा की संलिप्तता सामने आई है। जो अभी भी फरार हैं, पुलिस सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version