चतरा। चतरा जिले के गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित पांडे टोला में प्रेम विवाह के बाद एक परिवार ने अपनी जीवित बेटी का प्रतीकात्मक पिंडदान और अंतिम संस्कार किए जाने का मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवार ने बेटी से सभी सामाजिक और पारिवारिक संबंध समाप्त करने की घोषणा कर दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पांडे टोला गिद्धौर निवासी अशोक पांडे की पुत्री संध्या कुमारी ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध गांव के ही विवेक कुमार के साथ प्रेम विवाह कर लिया। दोनों अलग-अलग जाति से संबंध रखते हैं। विवाह से आहत परिजनों ने बेटी को परिवार से अलग मानते हुए सनातन परंपरा के अनुसार उसका प्रतीकात्मक पिंडदान करने का निर्णय लिया।

शुक्रवार को परिजन युवती की फोटो और पुतले के साथ श्मशान घाट पहुंचे। वहां हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार और पिंडदान की रस्में पूरी की गईं। परिजनों ने बताया कि जिस तरह से मृत्यु के बाद श्राद्ध और अन्य संस्कार होते हैं वैसा सी कर्मकांड उनकी ओर से किया जा रहा है। इस दौरान ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष, परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

परिजनों का कहना है कि बेटी के फैसले से परिवार की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। इसी कारण उन्होंने उससे सभी रिश्ते समाप्त कर दिए हैं और भविष्य में किसी भी प्रकार का संबंध नहीं रखने का निर्णय लिया है। हालांकि प्रेम विवाह करने वाले युवक-युवती की ओर से इस मामले में कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version