
पटना। बिहार में पटना जिले की चर्चित सीट मोकामा विधानसभा से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के उम्मीदवार अनंत सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की पत्नी वीण देवी को 28206 मतो के अंतर से पराजित किया। जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह ने 91416 वोट हासिल किये जबकि राजद की वीणा देवी को 63210 मत ही प्राप्त हुए।
इस हॉट सीट पर 6 नवंबर 2025 को पहले चरण में मतदान हुआ था। बिहार की 243 सीटों पर दो चरणों में मतदान हुए थे। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को हुआ था। इस बार राज्य की अन्य सीटों के अलावा सबकी नजरें मोकामा सीट पर भी रहीं, जहां कड़ा मुकाबला देखने को मिला। यह सीट हमेशा से ही हाई प्रोफाइल रही है।
इस बार सीट पर और अधिक नजरें इसलिए रहीं क्योंकि इसी विधानसभा चुनाव के दौरान ही जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी, जिसका आरोप अनंत सिंह पर लगा, और वो जेल में हैं। मोकामा सीट से एक तरफ मैदान में जेडीयू प्रत्याशी और बिहार के ‘बाहुबली नेता’ अनंत सिंह हैं, तो दूसरी ओर आरजेडी प्रत्याशी वीणा देवी। हालांकि, अनंत सिंह और उनके समर्थकों ने पहले से ही अपनी जीत तय मान ली थी।
