
बेगूसराय । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के रोहतास और बेगूसराय में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बेगूसराय में अमित शाह ने कहा कि इस बार हमारा बहुमत ऐसा होगा कि अगली बार तेजस्वी यादव चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं कर पाएंगे। उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन के ‘झूठे विमर्श’ का पर्दाफाश करने का आह्वान किया और चेतावनी दी कि विपक्ष के सत्ता में आने पर बिहार ‘घुसपैठियों से भर जाएगा।’ शाह ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर भी निशाना साधा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीतने का संकल्प लेने को कहा।
अमित शाह ने गिनाई मोदी-नीतीश की उपलब्धियां
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए गुरुवार को रोहतास और बेगूसराय का दौरा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में जीत का मंत्र साझा किया। शाह ने मोदी सरकार और नीतीश सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बिहार में विकास के कई काम हुए हैं। उन्होंने गया में 16,000 करोड़ रुपये के औद्योगिक प्लांट और केंद्र से बिहार को 9.85 लाख करोड़ रुपये की मदद का जिक्र किया। अमित शाह ने लालू यादव के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि 2024 के बजट में बिहार को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने नीतीश कुमार की सरकार द्वारा 125 यूनिट मुफ्त बिजली, दिव्यांगों और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि जैसी योजनाओं की भी प्रशंसा की। इस दौरे से पहले शाह ने पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी।
वोटर लिस्ट’ और ‘घुसपैठियों’ पर विपक्ष को घेरा : बेगूसराय में अमित शाह ने बिहार में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा घुसपैठियों के नाम काटे जाएंगे, नागरिकों के नहीं। इस मुद्दे पर विपक्ष, खासकर कांग्रेस, चुनाव आयोग पर मतदाताओं के नाम काटने का आरोप लगाती रही है। अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ बताते हुए उन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से पूछा कि क्या घुसपैठियों को वोट का अधिकार या राशन मिलना चाहिए। इस पर जनता ने ‘नहीं’ में जवाब दिया। अमित शाह ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन घुसपैठियों को बढ़ाएगा, जबकि एनडीए बिहार का विकास करेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को बिहार में भारी बहुमत से सरकार बनाने का संकल्प दिलाया।
