वॉशिंगटन। अमेरिका ने यूक्रेन को दिए जाने वाले खास हथियारों की सप्लाई रोकने का फैसला लिया है। इन हथियारों में एयर डिफेंस सिस्टम, तोप के गोले और हवा में मार करने वाली मिसाइले शामिल हैं। अमेरिका की ओर से यूक्रेन को जाने वाले हथियारों की आपूर्ति रोकने का कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब रूस ने यूक्रेनी शहरों पर हमलों तेज कर दिए हैं। रूस ने हाल ही में कई बड़े मिसाइल और ड्रोन हमले यूक्रेन पर किए हैं। ऐसे में रूसी हमलों से बचाव के लिए अमेरिका के ये हथियार बहुत जरूरी हैं।

पॉलिटिको की रिपोर्ट के मुताबिक, पेंटागन (अमेरिकी रक्षा विभाग) के यूक्रेन को हथियारों की खेप रोकने की वजह अमेरिकी हथियारों का खाली होता भंडार है। पेंटागन के नीति प्रमुख एलब्रिज कोल्बी के हथियारों के भंडार की समीक्षा के बाद यह चिंता पैदा हुई कि तोपखाने के राउंड, वायु रक्षा मिसाइलों और सटीक हथियारों की कुल संख्या घट रही है। इसके बाद यूक्रेन को भेजे जाने वाले PAC3 पैट्रियट सिस्टम, 155 मिमी आर्टिलरी राउंड, GMLRS, स्टिंगर, AIM-7 और हेलफायर मिसाइलों की खेप रोक दी गई है।

अमेरिका ने पैट्रियट मिसाइल सिस्टम, सटीक तोप के गोले, हेलफायर और दूसरी मिसाइलों की सप्लाई रोकी है। यूक्रेन इन मिसाइलों को F-16 लड़ाकू विमानों के लिए जरिए रूस पर दागता है और एयर डिफेंस के जरिए रूस के हमलों से बचता है। रूस ने हाल ही में यूक्रेन पर 477 ड्रोन और 60 मिसाइलें दागी थीं। रूस ने आने वाले समय में फिर से इसी तरह का बड़ा हमला किया तो यूक्रेन संकट में आ जाएगा। ऐसे में यूक्रेन की वोलोडिमीर जेलेंस्की सरकार को रूस के खिलाफ अपनी रणनीति पर नए सिरे से विचार करना पड़ सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version