
पटना ।बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के सड़क नेटवर्क को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए सभी जिला मुख्यालयों को फोर-लेन सड़क से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग के कार्यों की अद्यतन स्थिति एवं भावी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।चौधरी ने कहा कि राज्य में लोगों की त्वरित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के सुदूर क्षेत्रों से पांच घंटे में पटना पहुँचने के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है।उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य में निर्माणाधीन सभी एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं स्टेट हाई-वे के कार्यों को तीव्र गति और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने सभी जिला मुख्यालयों को फोर-लेन सड़क से जोड़ने के भी निर्देश दिए।सड़कों के जाल को मजबूत करने के लिए भी मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग को बड़े लक्ष्य सौंपे हैं. अब बिहार के सभी जिला मुख्यालयों को सीधे फोर लेन सड़कों से जोड़ने की दिशा में काम बहुत तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रहे विभिन्न एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) और स्टेट हाईवे (SH) के निर्माण कार्यों को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द पूरा करने का आदेश दिया है। सरकार का फोकस इस बात पर है कि बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों, कृषि मंडियों और औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को सबसे बेहतर बनाया जाए ताकि व्यापार को बढ़ावा मिल सके. इसके अलावा, राज्य में पुल-पुलियों की सुरक्षा को लेकर उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलों की गुणवत्ता और मजबूती की नियमित यानी रेगुलर जांच की जाए, ताकि किसी भी तरह के हादसे से बचा जा सके।
