
पटना। महिला अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट में बिहार की युवा बल्लेबाज अक्षरा गुप्ता लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं। कुछ दिन पहले तिहरा शतक जड़कर रिकॉर्ड बनाने वाली अक्षरा ने एक बार फिर धमाकेदार बल्लेबाजी कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में खेले गए मुकाबले में उन्होंने महज 68 गेंदों में 164 रन ठोक दिए।
टीम ए की कप्तान और विकेटकीपर अक्षरा ने शुरूआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने अपनी विस्फोटक पारी में 27 चौके और छह छक्के लगाए। मैदान के चारों ओर शॉट खेलते हुए उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनकी बल्लेबाजी ने क्रिकेट प्रेमियों को बिहार के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी की याद दिला दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम ए ने 28 ओवर में 250 रन बनाए। इसमें सबसे बड़ा योगदान अक्षरा की 164 रन की पारी का रहा। उनके अलावा नीतू ने 17 रन बनाए। हालांकि अक्षरा की शानदार बल्लेबाजी के बावजूद टीम ए जीत दर्ज नहीं कर सकी।
251 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम बी ने 34.1 ओवर में पांच विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम बी की ओर से स्वीटी कुमारी ने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 61 गेंदों में 10 चौके और दो छक्कों की मदद से टीम को जीत तक पहुंचाया।
कप्तान दीपा और नेहा ने भी निभाई अहम भूमिका : टीम बी की कप्तान और विकेटकीपर दीपा ने 41 गेंदों में 50 रन बनाए। वहीं नेहा ने 33 और तेजस्वनी ने 22 रनों का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत टीम बी ने बड़े लक्ष्य को हासिल कर पांच विकेट से जीत दर्ज की।
टीम बी की ओर से शांध्या कुमारी ने तीन विकेट झटके। तेजस्वनी, कहकशा और साक्षी सिंह को दो-दो सफलताएं मिलीं। वहीं टीम ए के लिए मुखरा ने दो विकेट लिए, जबकि प्राची, लक्की और संजना को एक-एक विकेट मिला।

