रांची । झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के बहुप्रतीक्षित चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं । इस चुनाव में अजय नाथ शाहदेव की अगुवाई वाली टीम ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए एसके बेहरा गुट को करारी शिकस्त दी है। अजय नाथ शाहदेव झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। इसके साथ ही उनकी टीम से संजय पांडे उपाध्यक्ष, पूर्व क्रिकेटर सौरभ तिवारी सचिव, शहबाज नदीम सह सचिव और अमिताभ घोष कोषाध्यक्ष चुने गए हैं।

चुनाव के लिए मतदान केंद्र झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के स्टेडियम परिसर में नॉर्थ गेट के पास बनाए गए थे। जिसमें कुल 718 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. दोपहर 2 बजे से मतगणना शुरू हुई और देर शाम परिणाम घोषित कर दिए गए. इस चुनाव में दोनों गुटों ने 15-15 प्रत्याशी मैदान में उतारे थे. चुनाव से पहले शनिवार को दोनों पक्षों ने अपने-अपने घोषणा पत्र जारी करते हुए क्रिकेट में पारदर्शिता, खिलाड़ियों की भागीदारी और संरचना को मजबूत करने का वादा किया था।

जेएससीए चुनाव में मतदाताओं ने अजय नाथ शाहदेव की टीम पर भरोसा जताया । जिससे उनकी टीम को स्पष्ट बहुमत मिला। अजय नाथ शाहदेव ने अपनी जीत को क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों की जीत बताया. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य झारखंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है. नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय नाथ ने कहा है कि यह जीत क्रिकेट प्रेमियों की जीत है, खिलाड़ियों की जीत है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले समय में क्रिकेट के लिए जमीनी स्तर पर काम किया जाएगा । उन्होंने कहा कि गांव-गांव से खिलाड़ियों को प्रमोट करने की कोशिश होगी. इसके साथ ही बड़े मैच इस स्टेडियम में लाने की कोशिश जारी रहेगी. JSCA की नई टीम के गठन से राज्य में क्रिकेट प्रशासन को लेकर नए बदलावों की उम्मीद की जा रही है. अब देखना होगा कि यह टीम अपने वादों पर कितनी खरी उतरती है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version