मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री और ग्लोबल आइकन ऐश्वर्या राय बच्चन ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मौजूदगी से सुर्खियां बटोरीं। 28 सितंबर को पेरिस फैशन वीक में आयोजित एक खास फैशन शो में ऐश्वर्या ने कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के साथ रैंप वॉक किया। एफिल टॉवर के सामने प्लेस जोफ्रे में आयोजित इस कार्यक्रम में फैशन और मनोरंजन जगत की कई मशहूर हस्तियां शामिल हुईं।

https://newsmaati.com/wp-content/uploads/2026/09/1000234748.mp4

इस इवेंट में केंडल जेनर, ईवा लोंगोरिया, सेलीन डियोन, सिमोन एशले, वियोला डेविस, जेन फोंडा, कारा डेलेविंगने और एंडी मैकडॉवेल समेत कई ग्लोबल स्टार्स नजर आए। रैंप वॉक के दौरान ऐश्वर्या ने क्राउन भी पहना, जिसने उनके लुक को खास बना दिया।

वेलवेट आउटफिट में नजर आईं ऐश्वर्या

ऐश्वर्या राय ने गहरे रंग की वेलवेट ड्रेस पहनी थी। उनके आउटफिट पर बारीक डिजाइन और क्रिस्टल से सजा केप उनके लुक को आकर्षक बना रहा था। वहीं, बरगंडी-रेड रंग के बालों ने उनके पूरे लुक को अलग और आधुनिक अंदाज दिया।

इवेंट की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद फैंस ने ऐश्वर्या के लुक की जमकर तारीफ की। कई यूजर्स ने उनके अंदाज को ‘रॉयल्टी’ से जोड़ते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी। एक वीडियो में ऐश्वर्या और ईवा लोंगोरिया को बैकस्टेज गर्मजोशी से मिलते हुए भी देखा गया।

https://newsmaati.com/wp-content/uploads/2026/09/1000234752.mp4

2002 से अंतरराष्ट्रीय मंच पर सक्रिय हैं ऐश्वर्या

ऐश्वर्या राय का अंतरराष्ट्रीय फैशन और सिनेमा से जुड़ाव नया नहीं है। साल 2002 में उन्होंने पहली बार कान्स फिल्म फेस्टिवल में शिरकत की थी। वह संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘देवदास’ के प्रीमियर में शामिल होने कान्स पहुंची थीं।

इस दौरान ऐश्वर्या, संजय लीला भंसाली और शाहरुख खान के साथ पारंपरिक पीली साड़ी में घोड़ा-गाड़ी से फेस्टिवल में पहुंची थीं। उनकी यह एंट्री लंबे समय तक चर्चा में रही।

इसके बाद 2003 में ऐश्वर्या राय कान्स फिल्म फेस्टिवल की फीचर-फिल्म जूरी का हिस्सा बनीं। इस तरह वह जूरी में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बनीं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version