
मुंबई: एयर इंडिया अपने चालक दल के कुछ सदस्यों के लिए आवास की ‘बुकिंग’ करने में विफल रही जिसकी वजह से उन्हें बुधवार रात हैदराबाद में उतरने के बाद लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
एयरलाइन ने कहा कि वह चूक के लिए उचित कार्रवाई करेगी। मामले से परिचित सूत्रों ने कहा कि एयर इंडिया के चालक दल के सदस्य बुधवार की रात होटल की तलाश करते रहे और बृहस्पतिवार तड़के जाकर उन्हें एयरलाइन की उड़ान प्रशिक्षण सुविधा सीटीई में आवास मिल पाया। हालांकि उस कमरे में भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था।
एक सूत्र ने कहा कि जब चालक दल के सदस्य उस होटल में गए, जहां उन्हें रुकना था तो वहां पता चला कि एयरलाइन ने कोई ‘बुकिंग’ ही नहीं की है।
इस बारे में टिप्पणी के लिए संपर्क किए जाने पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने यह माना कि चूक हुई थी और इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों ने कहा कि सीटीई में आवास केवल प्रशिक्षण के लिए आने वाले कर्मचारियों के लिए है और यह ड्यूटी पर मौजूद चालक दल के सदस्यों के लिए नहीं है।
पायलट और चालक दल के सदस्यों के लिए एयरलाइंस गंतव्य शहर में होटल के कमरे पहले से ‘बुक’ कर लेती हैं।
