
रांची। झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार रात चतरा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मरीज, उनके परिजन और मेडिकल टीम के सदस्य शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लातेहार जिले के चंदवा निवासी संजय कुमार, जो आग से गंभीर रूप से झुलस गए थे, उन्हें शाम 7:11 बजे रांची स्थित देवकमल अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। रेड बर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड की बीच क्राफ्ट सी-90 एयर एंबुलेंस से मरीज को दिल्ली रेफर किया गया था।
विमान में मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी, परिजन ध्रुव कुमार के अलावा कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन स्वराज दीप सिंह, डॉ. विकास कुमार गुप्ता तथा पारा मेडिकल स्टाफ सचिन कुमार गुप्ता सवार थे।
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि शाम 7:34 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से विमान का संपर्क अचानक टूट गया। संपर्क टूटते ही हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। कुछ देर बाद चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़ गांव के पास जंगल में विमान का मलबा देखे जाने की सूचना स्थानीय लोगों ने प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही चतरा जिला पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रांची एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार मेडिकल फ्लाइट ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत उड़ान भरी थी और अगले स्टेशन को कंट्रोल सौंपे जाने के बाद संपर्क टूट गया। घटना की जानकारी राज्य सरकार को दे दी गई है तथा सभी आवश्यक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन किया जा रहा है।
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
