रांची। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने रांची स्थित चान्हो प्रखंड के रघुनाथपुर गांव में शुक्रवार को खुद खेत में उतरकर महिलाओं के साथ धान रोपनी की। सावन की झमाझम बारिश के बीच पानी से लबालब भरे खेत में ग्रामीण महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोकगीतों के बीच रोपनी कर रही थीं, तभी खेत में राज्य की कृषि मंत्री को अपने साथ देखकर वे आश्चर्यचकित रह गईं।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी रोपनी में हाथ बंटाया। इस दौरान खेत में मौजूद महिलाओं के चेहरों पर गजब का उत्साह था। जॉनी उरांव ने कहा कि हमने पहले भी देखा है कि शिल्पी दीदी धान कटनी और रोपनी के समय गांव आती हैं, लेकिन हर बार हमें अच्छा लगता है क्योंकि वो हमारे बीच की हैं। मंत्री होकर भी हमारे साथ खेत में काम करती हैं, इससे ज्यादा और क्या चाहिए। वहीं, अनीता उरांव ने कहा कि खेत में मंत्री के साथ रोपनी करना गर्व की बात है। हमें ऐसा लगा कि जैसे हमारे परिवार की कोई सदस्य हमारे साथ काम कर रही हो।

कृषि मंत्री ने कहा कि झारखंड की खेती महिलाओं की मेहनत से जीवित है। यहां की महिलाएं केवल खेतों में काम ही नहीं करतीं, बल्कि खेती को एक उत्सव की तरह जीती हैं। रोपनी का यह समय केवल मेहनत का नहीं, बल्कि आपसी सहयोग, उत्साह और प्रकृति से जुड़ाव का भी समय होता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version