
न्यूयॉर्क/वाशिंगटन।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने कहा कि एक अफगान नागरिक द्वारा नेशनल गार्ड के दो सदस्यों पर गोलीबारी की घटना के बाद वह ‘‘हर चिंताजनक स्थिति वाले देश” से आए प्रवासियों को जारी सभी ग्रीन कार्ड की ‘‘कड़े तरीके से” पुनः समीक्षा करेगा।
अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा (यूएससीआईएस) के निदेशक जोसेफ एडलो ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘‘हर चिंताजनक स्थिति वाले देश से आने वाले प्रत्येक विदेशी नागरिक के ग्रीन कार्ड की पूर्ण और कठोर पुनः समीक्षा” का निर्देश दिया है।
एडलो ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस देश और अमेरिकी जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और अमेरिकी लोग पिछली सरकार की लापरवाही वाली पुनर्वास नीतियों की कीमत नहीं चुकाएंगे।’
एडलो ने कहा, ‘‘मेरा प्राथमिक दायित्व है कि हर विदेशी नागरिक की अधिक से अधिक जांच और समीक्षा हो। इसमें यह मूल्यांकन भी शामिल है कि वे कहां से आ रहे हैं और क्यों।”
नए निर्देशों से यूएससीआईएस अधिकारियों को यह आकलन करने में मदद मिलेगी कि कोई विदेशी नागरिक सार्वजनिक सुरक्षा या राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है या नहीं। ट्रंप ने इस गोलीबारी को ‘‘आतंकी हमला” बताया है। जब उनसे पूछा गया कि लकनवाल अफगानिस्तान में अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के साथ काम करता था और जांच से गुजरा था, तो ट्रंप ने कहा, ‘‘वह पागल हो गया। यानी बिल्कुल सनक गया। और ऐसा इन लोगों के साथ अक्सर होता है।”
इसके साथ ही ट्रंप ने एक तस्वीर दिखायी जिसमें तालिबान के कब्जे के बाद अफगान नागरिकों को भीड़भाड़ वाले सैन्य विमान में अमेरिका लाया जा रहा है। ट्रंप ने कहा, ‘‘देखिए, ये ऐसे आते हैं, एक-दूसरे के ऊपर खड़े हुए। कोई जांच नहीं, कोई प्रक्रिया नहीं। वे बिना जांच के घुसे। और ऐसे बहुत लोग अभी देश में हैं। हम इन्हें बाहर निकालेंगे, वरना ये पागल हो जाते हैं।”
