
सासाराम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में 48,520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ” आज मुझे इस पवित्र भूमि पर बिहार के विकास को नई गति देने का सौभाग्य मिला है। यहां करीब 50 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। आप सब बड़ी संख्या में हमें आर्शीवाद देने आए हैं। आपका ये स्नेह और बिहार का ये प्यार मैं इसे हमेशा सर आंखों पर रखता हूं।
मोदी ने कहा, “अभी पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, हमारे कितने निर्दोष नागरिक मारे गए। इस जघन्य आतंकी हमले के एक दिन बाद मैं बिहार आया था और मैंने बिहार की धरती से देश से वादा किया था, वचन दिया था। बिहार की धरती से आंख में आंख मिलाकर हमने कहा दिया था कि आतंक और आतंक के आकाओं के ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। बिहार की धरती से मैंने कहा था कि उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। आज जब भी मैं बिहार आया हूं तो अपना वचन पूरा करने के बाद आया हूं।
नरेंद्र मोदी ने कहा, ” जिन लोगों ने पाकिस्तान में बैठकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, हमारी सेना ने उनके ठिकानों को खंडहर में बदल दिया।भारत की बेटियों के सिंदूर की शक्ति क्या होती है ये पाकिस्तान ने भी देखा और दुनिया ने भी देखा! जिस पाकिस्तानी सेना की छत्रछाया में आतंकी खुद को सुरक्षित मानते थे। हमारी सेनाओं ने एक ही झटके में उनको भी घुटनों पर ला दिया। पाकिस्तान के एयरबेस, उनके सैन्य ठिकाने हमने कुछ ही मिनट में तबाह कर दिए। ये नया भारत है, ये नए भारत की ताकत है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “ये हमारा वीर कुंवर सिंह जी की धरती है। यहां के हजारों नौजवान देश की सुरक्षा के लिए सेना और BSF में अपनी जवानी न्योछावर कर देते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने जो ताकत दिखाई, वो तो बस एक छोटा सा नमूना है। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। अगर आतंकवाद फिर से सिर उठाता है, तो भारत उसे कुचल देगा। इस दौरान पीएम मोदी ने बिहार में हुए विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि जब बिहार में जंगलराज की सरकार हटी, तब से विकास की राह खुल गई है। पहले बिहार में सिर्फ एक पटना एयरपोर्ट था। अब कई शहरों में एयरपोर्ट बन रहे हैं। पटना एयरपोर्ट को भी आधुनिक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि बिहटा एयरपोर्ट पर 1400 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है। बिहार में हर तरफ फोरलेन सड़कें बन रही हैं। गंगा, गंडक, कोसी जैसी नदियों पर नए पुल बन रहे हैं। इन परियोजनाओं से युवाओं को रोजगार मिलेगा और पर्यटन बढ़ेगा। बिहार में वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें भी चल रही हैं।
पीएम मोदी ने नक्सलवाद पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पहले नक्सलवाद की वजह से सरकारी योजनाएं लोगों तक नहीं पहुंच पाती थीं। नक्सलियों को संविधान में विश्वास नहीं था। 2014 के बाद सरकार ने नक्सलवाद को खत्म करने के लिए तेजी से काम किया है। माओवादियों को मुख्यधारा में लाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि 11 सालों की मेहनत का फल अब देश को मिल रहा है। 2014 से पहले देश में 125 से ज्यादा जिले नक्सल प्रभावित थे, लेकिन अब सिर्फ 18 जिले ही बचे हैं। पीएम मोदी ने बिहार के विकास और देश की सुरक्षा के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि सरकार हर संभव प्रयास कर रही है ताकि देश और राज्य दोनों आगे बढ़ सकें।
