गोड्डा । भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित सांसद अजय कुमार मंडल के कार्यालय में हुई चर्चित चोरी की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में झारखंड के गोड्डा जिले के रौताड़ा वार्ड संख्या-03 निवासी अमन कुमार झा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पिता का नाम निगम झा बताया गया है। घटना के खुलासे के बाद गोड्डा और भागलपुर दोनों जिलों में मामले की चर्चा हो रही है।

पुलिस के अनुसार 8 जून को सांसद कार्यालय से अंगरक्षक का सरकारी पिस्टल, 35 गोलियां, सीसीटीवी का डीवीआर, यूपीएस तथा अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच करते हुए तकनीकी साक्ष्य एवं स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान की।

जांच के दौरान रौताड़ा वार्ड संख्या-03 निवासी अमन कुमार झा का नाम सामने आया। इसके बाद गोड्डा पुलिस के सहयोग से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी गया सरकारी पिस्टल, 35 गोलियां, डीवीआर, यूपीएस और दो मॉनिटर बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल दूसरे आरोपी पाण्डव मोहली की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version