रांची। राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में बच्चे के अपहरण और हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने गुरुवार को थाना के हाजत में खुदकुशी कर ली। घटना के बाद थाना परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नामकुम थाना के हाजत में बंद आरोपित जगय मुंडा ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना का पता चलते ही पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत नीचे उतारा और अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स रांची भेज दिया गया है।बताया जा रहा है कि जगय मुंडा को एक बच्चे के अपहरण और हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह खूंटी जिले के साइको थाना क्षेत्र के कोल्हापूर्ति गांव का रहने वाला था। उसका उसी गांव की एक महिला के साथ अवैध संबंध था और दोनों कुछ समय से नामकुम थाना क्षेत्र में रह रहे थे।रविवार को किसी बात को लेकर महिला और आरोपित के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद आरोपित ने बदले की भावना से महिला के 12 वर्षीय बेटे रमेश हजाम का अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद वह बच्चे को रामगढ़ थाना क्षेत्र के घाटो इलाके में ले गया, जहां उसकी हत्या कर शव को जमीन में दफना दिया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने बच्चे के अपहरण और हत्या की बात स्वीकार कर ली थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बच्चे का शव भी बरामद कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे नामकुम थाना लेकर आई थी। इसी दौरान बुधवार देर रात उसने थाना के हाजत में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद थाना की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। डीएसपी अमर पांडे ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपित ने हाजत में किन परिस्थितियों में खुदकुशी की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version