
रांची। राजधानी रांची के पंडरा थाना क्षेत्र स्थित ओटीसी ग्राउंड के पास मंगलवार सुबह बाइक सवार अपराधियों ने जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया। गंभीर स्थिति में इलाज के दौरान पारस अस्पताल में उसकी मौत हो गयी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी विजय टेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
इस हत्याकांड की मुख्य वजह 15 से 20 लाख रुपये की लेनदेन का मामला बताया जा रहा है। पैसा और जमीन का विवाद भार्गव सिंह और विजय टेटे के बीच लंबे समय से चल रहा था। इसी विवाद में विजय टेटे ने गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, विजय टेटे भागने के फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे बुटी मोड़ से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीम गिरफ्तार विजय टेटे से फिलहाल पूछताछ कर रही है।
भार्गव सिंह ने पुलिस को जानकारी दी थी कि विजय टेटे के साथ उनका जमीन विवाद चल रहा था। विजय टेटे ने कुछ दिन पहले रातू स्थित एक जमीन को लेकर भार्गव सिंह को फोन कर धमकी दी थी, विजय टेटे मूल रूप से कांके, गांधीनगर का रहने वाला है। इससे पूर्व गोलाबारी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गयी। परिजनों के अनुसार भार्गव सिंह मंदिर में पूजा करने गये थे। उसी समय घात लगाये अपराधियों ने पीछे से गोली चलाई और वहां से फरार हो गये। तीन अपराधियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। पुलिस ने घायल भार्गव सिंह से पूछताछ की थी। इसके बाद विजय टेटे को गिरफ्तार किया था।
इस मामले को लेकर सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि हत्याकांड को अंजाम देने वाले अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपराधी रांची से बाहर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर रही है। प्रांरभिक जानकारी मिली है कि इन दोनों के बीच पैसे का लेन देन और जमीन का विवाद चल रहा था। इसी विवाद में भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या की गयी है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच पड़ताल कर रही है।

