नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने मंगलवार को अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता से मुलाकात की और कहा कि मुख्यमंत्री को जेल से ही सरकार चलानी चाहिए और इस्तीफा नहीं देना चाहिए।

आप विधायकों ने सुनीता केजरीवाल से कहा कि दिल्ली के दो करोड़ लोग मुख्यमंत्री के साथ खड़े हैं और उन्हें किसी भी कीमत पर इस्तीफा नहीं देना चाहिए।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली में सीएम आवास पर हुई इस बैठक में आप के 62 विधायकों में से 55 मौजूद रहे।

आप नेताओं ने कहा कि चार विधायक बाहर हैं जबकि तीन- केजरीवाल, मनीष सिसौदिया और सत्येन्द्र जैन जेल में हैं।

वहीं, भाजपा लगातार यह मांग कर रही है कि शराब नीति घोटाले मामले में गिरफ्तारी के बाद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

गौरतलब है कि केजरीवाल को अब रद्द हो चुकी आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिछले महीने गिरफ्तार किया था। वह 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version