पटना। राज्य की सभी 5053 ग्राम पंचायतों में आधार सेवा केंद्र खोले जाएंगे। इसमें प्रथम चरण में 15 अप्रैल तक दो हजार ग्राम पंचायतों में आधार सेवा केंद्र खोलने का लक्ष्य है। पंचायती राज निदेशक नवीन कुमार सिंह ने बुधवार को 21 जिलों की विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों यह निर्देश दिया। निदेशक ने कहा कि आधार सेवा केंद्र खुलने से नया आधार कार्ड बनने के साथ ही नाम, जन्मतिथि आदि में सुधार हो सकेगा। निदेशक ने पंचायतों में अवस्थित मोक्षघाम या कब्रिस्तान में अंत्येष्टि के बाद मृतक के परिजनों को 24 घंटे के अंदर मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की भी तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया।इस संबंध में उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारी से मुख्यालय को रिपोर्ट भेजने के लिए कहा। समीक्षा में बताया गया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत 21 जिलों की पंचायतों में 6 लाख 67 हजार 917 लाइट लग चुकी हैं। निदेशक ने कहा कि 31 मार्च तक शत प्रतिशत सोलर स्ट्रीट लाइट नहीं लगाने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई करें। विभिन्न योजनाओं की राशि का उपयोगिता प्रमाणपत्र देने के लिए ई पंचायत बिहार पोर्टल पर यूसी मॉड्यूल विकसित की गई है। इसके लिए कर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। निदेशक ने कहा कि इस पर उपयोगिता प्रमाणपत्र समय पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।मुख्यालय में समीक्षा बैठक में अपर सचिव नजर हुसैन, विशेष कार्य पदाधिकारी ललित राही और अधिकारी मौजूद थे। जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से 21 जिलों पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गोपालगंज, अररिया, पश्चिम चंपारण, सुपौल, वैशाली, बेगूसराय, मधेपुरा, मधुबनी, कटिहार, पूर्णिया, सारण, सीवान, खगड़िया, सहरसा, शिवहर, किशनगंज और सीतामढ़ी के उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी और जिला परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक जुड़े थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version