रांची । रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के करमटोली चौक स्थित लीवी बार एंड रेस्टोरेंट में मंगलवार के तड़के सुबह चार बजे आग लग गई। अगलगी में पूरा रेस्टोरेंट जलकर खाक हो गया। रेस्टोरेंट के मालिक ने बताया कि सुबह करीब चार बजे सूचना मिली कि रेस्टोरेंट में आग लग गई है। सूचना मिलने के बाद लालपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग के दमकल मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करना पड़ा। इस दौरान दमकलकर्मियों ने मेन गेट तोड़कर आग बुझाना शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बाहर भी स्थिति खराब थी। आग की लपटें ट्रांसफार्मर तक पहुंच रही थीं, जिसके बाद पुलिस के सहयोग से बाहर की आग पर भी काबू पा लिया गया।

बताया जा रहा है कि लीवी बार एंड रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। बार मालिक ने फिलहाल किसी भी तरह के साजिश से इनकार किया है। इस आगलगी में भारी नुकसान हुआ है। रेस्टोरेंट का किचन, डांस फ्लोर और सारा फर्नीचर जलकर राख हो गया। कुछ कर्मचारी अंदर सोए हुए थे, जिन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग के दमकल कर्मियों के काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आगलगी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version