
जमालपुर (मुंगेर)। मनुष्य की आस्था और श्रद्धा भौगोलिक दूरियों से कभी कमजोर नहीं होती। यह सत्य एक बार फिर अमेरिका के मिनेसोटा राज्य में बिहार के लोक आस्था के महापर्व छठ के जरिए साकार हो रहा है। जहां भारी बर्फ और कड़ाके की ठंड के बावजूद छठी मइया की भक्ति की गरमाहट पूरे उत्साह के साथ महसूस की जा रही है। इस पावन पर्व की पवित्रता, निष्ठा और परंपरा की अद्भुत मिसाल बिहार व झारखंड के प्रवासी लोगों के सामूहिक प्रयास से कायम हो रही है।



बिहार फाउंडेशन मिनेसोटा चैप्टर के जरिए 150 प्रवासियों को जोड़ा : मुंगेर जिले के जमालपुर स्थित नयागांव सिकंदरपुर निवासी अनुराग सौरभ और उनकी पत्नी शालू सौरभ ने मिनेसोटा की प्रतिकूल और ठंडी वायुमंडलीय परिस्थितियों के बीच भी छठ पूजा की परंपरा को जीवंत रखा है। बिहार फाउंडेशन के मिनेसोटा चैप्टर के संस्थापक और सचिव अनुराग सौरभ ने इस आयोजन को केवल अपने परिवार तक सीमित न रखकर वहां रह रहे 100 से 150 प्रवासी बिहार और झारखंड के लोगों को इस महापर्व से जोड़ा है। सभी प्रवासी मिलकर पूरी पवित्रता के साथ छठ की छटा बिखेर रहे हैं।
जमालपुर के काली पहाड़ की यादें कर देती हैं भावुक : मिनेसोटा में छठ पूजा का माहौल बिल्कुल वैसा ही है, जैसा बिहार के घरों में देखने को मिलता है। अनुराग सौरभ बताते हैं कि यह पूजा उनके लिए केवल एक धार्मिक कर्तव्य नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ने का गहरा आध्यात्मिक अनुभव है। जमालपुर के काली पहाड़ के नीचे अपनी मां और दादी के साथ छठ करने की पुरानी यादें उन्हें आज भी भावुक कर देती हैं। वे कहते हैं कि हजारों किलोमीटर दूर मिनेसोटा में उसी आस्था के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हुए यह महसूस होता है कि दूरी चाहे जितनी हो, अपनी मिट्टी और संस्कृति से रिश्ता कभी नहीं टूटता।
तीन साल से कर रहीं अनुष्ठान : वहीं, पिछले तीन वर्षों से लगातार चार दिवसीय छठ अनुष्ठान कर रहीं शालू सौरभ कहती हैं कि छठ के दौरान अपने घर और जमालपुर की याद जरूर आती है, लेकिन विदेश में बसे प्रवासी भारतीय एक परिवार की तरह मिलजुल कर पूरी श्रद्धा के साथ यह पर्व मनाते हैं। उनका मानना है कि यह पर्व उनकी सांस्कृतिक संवेदनशीलता और आस्था को जीवंत बनाए रखता है।

