पलामू। रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को पलामू पहुंचे। उन्होंने जिले के विश्रामपुर के आरसीआईटी स्थित विश्राम गृह में पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी से मिलकर उनकी पत्नी तेतरी देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाया और श्राद्धकर्म में शामिल होने का आश्वासन भी दिया। विश्रामपुर जाने से पहले मंत्री संजय सेठ ने पलामू परिसदन में पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत को गृहयुद्ध में झोंकने की कोशिश की जा रही है। देश की व्यवस्था और अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए राहुल गांधी एवं अन्य संगठनों पर कई आरोप लगाए।

संजय सेठ ने कहा कि, दुर्गा पूजा के दौरान पूरे देश के लोग पंडालों में मौजूद हैं, लेकिन राजकुमार विदेश भाग गए हैं। राहुल गांधी का एक भी फोटो या सोशल मीडिया पोस्ट दुर्गा पूजा पर नहीं आया। उन्हें दुर्गा पूजा पंडाल में होना चाहिए था, लेकिन वे देश छोड़कर भाग गए। उन्हें देश का तीज-त्योहार पसंद नहीं है। संसद की कार्यवाही के दौरान भी वे देश छोड़कर भाग जाते हैं। सत्ता के बिना इनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।

रिजीम चेंज पर संजय सेठ ने कहा कि देश की जनता एकजुट है। कुछ लोग फ्रांस-इटली की तरह देश को बनाना चाहते हैं, लेकिन देश का युवा सब कुछ समझ रहा है। विदेशी पैसे से भारत को गृहयुद्ध में झोंकने और अर्थव्यवस्था को डिरेल करने का प्रयास किया गया है।

रक्षा राज्य मंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का समर्थन किया और मतदाता सूची से विदेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की बात कही।

उन्होंने साफ कहा कि घुसपैठिये कांग्रेस का वोट बैंक रहे हैं। एक भी घुसपैठिया देश में नहीं रहेगा, उसे देश से बाहर भेजा जाएगा। जो लोग चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं, वे घुसपैठियों को वोट बैंक मानते रहे हैं। देश की कोई भी जनता घुसपैठियों को वोटर के रूप में नहीं चाहती। एसआईआर एक सतत प्रक्रिया है। क्या दूसरे देश से आने वाले को वोट देने का अधिकार दे दिया जाए। क्या ऐसे लोग देश के प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री को चुनें। देश की कोई भी जनता इसे नहीं चाहेगी।

प्रेस वार्ता के दौरान डालटनगंज के विधायक आलोक चौरसिया, पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, लवली गुप्ता, भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ ईश्वरसागर चंद्रवंशी, भाजयुमो जिला अध्यक्ष विपुल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष डॉ. बीपी शुक्ला, मंडल अध्यक्ष विकास चौबे, भोला चंद्रवंशी, इदरीस हवारी, अरुण सिंह, रवींद्रनाथ उपाध्याय सहित कई लोग उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version